Publish Date: | Thu, 01 Oct 2020 04:23 AM (IST)
भिंड। कांग्रेस ने अपने 22 विधायकों के दल-बदल करने से 5 माह पहले सत्ता गंवाई थी। इससे उपचुनाव के लिए दल-बदल सबसे बड़ा मुद्दा था, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के गणित के चलते इस मुद्दे को खत्म कर दिया। उपचुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है दल-दल से दल-बदल का मुद्दा गायब होता जा रहा है। प्रदेश की 8 सीटें अंबाह, सुमावली, करैरा, भांडेर, ग्वालियर पूर्व, बमोरी, सांवेर, सुरखी ऐसी हैं, जहां कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल के प्रत्याशी दल-बदल करने वाले नेता होंगे। इससे दोनों दल अब दल-बदल को चुनावी मुद्दा नहीं बना पाएंगे।
8 सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में दल-बदल वाले प्रत्याशी :
– सुमावली (मुरैना) में कांग्रेस से आए एदल सिंह भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने भाजपा से आए अजब सिंह को टिकट दिया है।
– अंबाह (मुरैना) में कांग्रेस से आए कमलेश जाटव भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने बसपा से आए सत्यप्रकाश सखवार को टिकट दिया है।
– करैरा (शिवपुरी) में कांग्रेस से आए जसमंत जाटव भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने बसपा से आए प्रागीलाल जाटव को टिकट दिया है।
– भांडेर (दतिया) में कांग्रेस से आई रक्षा सिरौनिया भाजपा प्रत्याशी होंगीं। कांग्रेस ने बीएसडी से आए फूल सिंह बरैया को टिकट दिया है।
– ग्वालियर पूर्व में कांग्रेस से आए मुन्नाालाल गोयल भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने भाजपा से आए सतीश सिकरवार को टिकट दिया है।
– बमोरी (गुना) में कांग्रेस से आए महेंद्र सिसौदिया भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने भाजपा सरकार में मंत्री रहे केएल अग्रवाल को टिकट दिया है।
– सांवेर (इंदौर) में कांग्रेस से आए तुलसीराम सिलावट भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने भाजपा से आए प्रेमचंद गुड्डू को टिकट दिया है।
– सुरखी (सागर) में कांग्रेस से आए गोविंद सिंह राजपूत भाजपा प्रत्याशी होंगे। कांग्रेस ने भाजपा की पूर्व विधायक पारूल साहू को टिकट दिया है।
बसपा ने दल-बदल नेता को टिकट दियाः
प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए बसपा ने अभी 8 उम्मीदवारों की घोषणा की है। 20 उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है। बसपा ने पहली सूची में मुरैना सीट पर भाजपा छोड़कर आए रामप्रकाश राजौरिया को टिकट दिया है। हालांकि राजौरिया पूर्व में बसपा में थे, लेकिन 2018 के चुनाव में टिकट नहीं मिलने से बसपा छोड़ आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़े थे। अब दोबारा बसपा का साथ मिला है। बसपा ने अभी जौरा में पूर्व विधायक सोनेराम कुशवाह, मुरैना में रामप्रकाश राजौरिया, अंबाह से भानुप्रताप सखवार, मेहगांव में योगेश मेघ सिंह नरवरिया, गोहद जसवंत पटवारी, डबरा संतोष गौड़, पोहरी कैलाश कुशवाह, करैरा राजेंद्र जाटव के टिकट फाइनल किए हैं।
इन 4 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी तय नहीं:
छतरपुर जिले की बड़ा मलहारा, राजगढ़ की ब्यावरा (यह सीट कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के निधन से रिक्त हुई है), भिंड की मेहगांव और मुरैना सीट पर कांग्रेस ने अभी उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए हैं। भाजपा की ओर से बड़ा मलहारा में कांग्रेस छोड़कर आए प्रधुम्न सिंह लोधी प्रत्याशी होंगे। ब्यावरा में भाजपा-कांग्रेस दोनों को प्रत्याशी तय करना है। मेहगांव में कांग्रेस छोड़कर आए ओपीएस भदौरिया भाजपा के प्रत्याशी होंगे। मुरैना में कांग्रेस छोड़ने वाले रघुराज सिंह कंसाना भाजपा प्रत्याशी होंगे।
फोटो सहितः- (प्रत्याशियों के फोटो ग्वालियर से लेना हैं)
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे