Publish Date: | Sat, 03 Oct 2020 07:28 PM (IST)
इंदौर (नईदुनिया रिपोर्टर)। सांप के बारे में जितनी बातें हम जानते हैं, उनमें हकीकत कम और भ्रम ज्यादा है। सबसे बड़ा भ्रम तो यह है कि हर सांप जहरीला होता है जबकि ऐसा नहीं है। दूसरा भ्रम यह है कि जब सांप काट ले तो जिस स्थान पर सांप ने काटा है, उसके आसपास कसकर कपड़ा बांध दिया जाए तो जहर पूरे शरीर में नहीं फैलता है, लेकिन ऐसा करने से समस्या बढ़ सकती है और शरीर का वह अंग खराब हो सकता है।
यह बात निहार पारुलेकर ने स्नेक अवेयरनेस प्रोग्राम में कही। शहर के प्राणी संग्रहालय में एनिमल रिहैबिलिटेशन एंड प्रोडक्ट फ्रंट (एआरपीएफ) द्वारा वाइल्ड लाइफ वीक के तहत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये यह जानकारी साझा की गई। निहार ने बताया कि जब किसी को जहरीला सांप काट ले तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाएं। सरकारी अस्पताल में एंटी वेनम होता है, इसलिए उपचार जल्दी मिल जाएगा। यदि सरकारी अस्पताल दूर है तो नजदीकी निजी अस्पताल में भी जा सकते हैं पर अपने स्तर पर उपचार नहीं करें। जहरीले सांप के काटने पर 20 से 30 मिनट में उपचार मिल जाना चाहिए।
ये सावधानियां रखें
जिसे जहरीले सांप ने काटा है, उसके शरीर को ज्यादा हिलने नहीं दें और उसे चेतन अवस्था में रखें।
उस व्यक्ति को सोने भी नहीं दें।
यदि सांप जहरीला नहीं है तो काटे गए स्थान को ठंडे पानी से धोकर एंटीसेप्टिक लगा लें।
सांप के काटने पर घबराएं नहीं और हिम्मत से काम लें, क्योंकि सांप काटने के बाद होने वाली कुल मौतों में से 90 प्रतिशत मौत भय और हृदयाघात से हो जाती है।
जिस स्थान पर सांप ने काटा है वहां चाकू आदि से चीरा लगाकर जहर निकालने का प्रयास नहीं करें। यह उपचार का गलत तरीका है।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे