Publish Date: | Wed, 30 Sep 2020 10:05 PM (IST)
– खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से मिले थे बच्चे
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बच्चा खरीद-फरोख्त मामले में महिला थाना पुलिस ने बुधवार को तीनों बच्चों की मां का पता लगाने के लिए तीन महिलाओं के डीएनए टेस्ट करवाए। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बच्चे उन्हीं के हैं या किसी और के।
पुलिस के अनुसार, बच्चा खरीद-फरोख्त मामले में अब तक 11 लोगों को आरोपित बनाया है। आरोपितों के पास 10 दिन की बच्ची और दो महीने व दो साल के बच्चे मिले थे। जांच में तीनों की मां का पता लगाया तो बच्ची की मां शिवपुरी के गांव पिछोर, दो महीने के बच्चे की मां सिमरोल और दो साल के बच्चे की मां धामनोद की निकली। तीनों महिलाओं और उनके संभावित बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाया है। एक महीने बाद रिपोर्ट आने पर साफ हो जाएगा कि ये बच्चे उन्हीं के हैं। यदि किसी महिला का डीएनए मेल नहीं खाया तो आगे कार्रवाई की जाएगी।
वार्डबॉय और नर्स के पास मिली थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को क्राइम ब्रांच व महिला थाना पुलिस ने मालवा मिल चौराहे के पास से 10 दिन की बच्ची के साथ वार्डबॉय तेजकरण उर्फ बबलू और नर्स शिल्पा तेलंग को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में पता चला था कि उन्होंने पहले भी परदेशीपुरा में रहने वाली रीत ठाकरे को दो बच्चे बेचे हैं। एक दो महीने का है और एक दो साल का। दोनों बच्चे दो लाख 40 हजार रुपये में बेचे थे। पुलिस ने 10 महीने की बच्ची सहित दोनों बच्चों को अपने कब्जे में लिया और बच्चे खरीदने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया था।
महिला से कहा बच्चा मरा पैदा हुआ
धामनोद की रहने वाली दो साल के बच्चे की मां ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ है। उसे बच्चे का चेहरा भी नहीं बताया। इसके बाद वह घर चली गई। अब पता चला कि उसके बच्चे को मृत बताकर चोरी कर लिया था। डीएनए टेस्ट होने के बाद यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो बच्चा महिला को सौंप दिया जाएगा।
आरोपितों की बातों में उलझ रही पुलिस
महिला थाना टीआइ ज्योति शर्मा ने बताया कि आरोपित डॉ. रमाकांत शर्मा और ओटी टेक्नीशियन आलोक भदौरिया को तीन दिन पहले दूसरी बार रिमांड पर लिया था। आरोपितों से दूसरी बार पूछताछ के बाद भी बच्चा बेचने की सही कहानी नहीं बताई है। रमाकांत पुलिस को उलझा रहा है। ऐसे में पुलिस की जांच पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे