Updated: | Mon, 05 Oct 2020 12:47 PM (IST)
इंदौर Indore Weather Update : शहर में दिन के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.7 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानी के मुताबिक अभी कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल व ओडिशा के तट पर पर बना है। इसके कारण पूर्वी मप्र में बारिश हो रही है। इंदौर में सात अक्टूबर के आसपास हल्की बारिश होने की संभावना है। अभी अरब सागर से नमी मिल रही है और दिन में पश्चिमी व रात में उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इस वजह से अभी रात के समय गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। इसके अलावा दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है।
भोपाल में भी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम के असर से आठ अक्टूबर को शहर में बारिश होने की संभावना है। रविवार को शहर का अधिकम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि आसमान साफ होने से दिन का तापमान बढ़ा हुआ है।
शाम के समय हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी हो जाने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। मंगलवार से आंशिक बादल आने से रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। कम दबाव का क्षेत्र अभी पश्चिमी बंगाल और उत्तरी उड़ीसा के तट पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी मप्र में कहीं-कहीं बरसात हो रही है।
इस सिस्टम के आगे बढ़ने पर सात अक्टूबर को पश्चिमी मप्र में कई स्थानों पर बरसात होगी। आठ अक्टूबर को राजधानी में भी गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे