Publish Date: | Wed, 30 Sep 2020 03:51 PM (IST)
Madhya Pradesh Weather Update: ग्वालियर। नईदुनिया प्रतिनिधि। मानसून सीजन अब खत्म हो चुका है। मानसून वापसी की औपचारिक घोषणा होना शेष है। अक्टूबर में रात के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिसे के बीच रहने के आसार हैं। इससे गुलाबी ठंड का अहसास होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ठंड की शुरुआत 15 नवंबर के बीच होगी और दिसंबर के मध्य या तीसरे हफ्ते में कोल्ड डे (शीतल दिन) की शुरुआत हो जाएगी। चौथे सप्ताह में शीत लहर चलना शुरू हो जाएगी, लेकिन रिकार्ड तोड़ ठंड का सामना नहीं होगा। सामान्य ठंड ही रहेगी। पिछले साल दिसंबर में ठंड ने रिकार्ड तोड़ दिया था।
अंचल में मानसून काफी कमजोर रहा है। प्रदेश में सबसे कम बारिश ग्वालियर व भिंड में दर्ज हुई है। मंगलवार को आसमान पूरी तरह से साफ हो गया। मौसम में बदलाव भी देखने को मिला। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिसकी वजह से सुबह हल्की ठंड का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 37.1 डिसे रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिसे अधिक रहा। दोपहर में गर्मी का अहसास हुआ।
जनवरी में आएंगे पश्चिमी विक्षोभ, कराएंगे मावठ की बारिश
पिछले साल नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ की शुरुआत हो गई थी। मई के मध्य तक पश्चिमी विक्षोभों ने बारिश कराई थी। इस बार पश्चिमी विक्षोभ जनवरी में आने के आसार हैं। जनवरी में मावठे की बारिश कराएंगे।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी, जिसकी वजह से घना कोहरा दस्तक देगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मार्च तक बारिश होने के आसार रहेंगे।
मानसून की विदाई के वक्त आते हैं यह बदलाव
– न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है। इस गिरावट से रात में गुलाबी ठंड की शुरुआत होती है। तापमान में गिरावट शुरू हो गई है।
– हल्की ओस भी गिरने लगी है। सुबह ठंडक का अहसास होता है।
– हवा का रुख उत्तर पश्चमी होने लगा है। हवा में नमी की मात्रा भी घट रही है।
– अक्टूबर मौसम में पूरी तरह से बदलाव आ जाएगा और कूलर बंद हो जाएंगे।
अधिकतम तापमान-37.1 डिसे
न्यूनतम तापमान-23.0 डिसे
इनका कहना है
ग्वालियर-चंबल संभाग में नवंबर में ठंड दस्तक देगी। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से शीतल दिनों की शुरुआत हो जाएगी। ज्यादा कड़ाके की ठंड के आसार कम है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जनवरी में बारिश के आसार बनेंगे।
वेद प्रकाश सिंह, रडार प्रभारी मौसम केन्द्र भोपाल
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे