शाजापुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लूट, मारपीट व अपहरण कर षड्यंत्र रचने वाली हनी ट्रेप गैंग पर पुलिस के पकड़ ढीली होती दिखाई दे रही है। पिछले 4 दिनों में 3 बार दबिश के बाद भी गैंग के सरगना और मुख्य आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई। इधर महिला आरोपी टीना ने भी जेल जाने के बाद जमानत की अर्जी जिला न्यायालय में प्रस्तुत की। इधर शाजापुर जिले में रहे पूर्व पुलिस अधिकारी और एडवोकेट के अनुसार अपराध से जुड़े साथियों की कड़ी नई जोड़ी गई तो आरोपियों को सजा नहीं होगी, क्योंकि बदनामी के डर और पुलिस पर भरोसा नहीं होने से हनी ट्रेप गैंग के शिकार हुए अन्य लोग भी सामने नहीं आ रहे हैं।
लालघाटी थाने के प्रभारी एसआई मुकुल यादव के अनुसार दबिश दी जा रही है पर अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। बावजूद मुखबिरों की मदद से आरोपियों के संबंध में हर दिन जानकारी सामने आ रही है। फरियादी संजय गिरि द्वारा पहचान किए जाने के बाद गैंग की पहली कड़ी महिला आरोपी टीना के रूप में हाथ लगी है। उसके बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि रामसिंह और अर्जुन अपने साथियों के साथ मिलकर गैंग बनाकर लोगों के साथ वारदात कर रहे थे। और भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। किसी भी दिन आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। आरोपियों को लेकर पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है।
आरोपियों के संबंध में पुख्ता जानकारी जुटाए बिना जल्दबाजी में खुलासा कर दिया गया। होना यह चाहिए था कि आरोपियों के नाम सामने आने बाद उन्हें राउंडअप करने के बाद प्रकरण दर्ज होता। इधर एएसपी आरएस प्रजापति ने बताया कि पुलिस की पकड़ ढीली नहीं हुई, बल्कि पुलिस के डर से बदमाश भूमिगत हो गए हैं। अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी। इधर शुक्रवार देर रात भी आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।